फुटबॉल इतिहास में सुनहरे अक्षर: महज 5 लाख आबादी वाले केप वर्डे ने पहली बार वर्ल्ड कप में बनाई जगह

फुटबॉल की दुनिया में बड़े देशों और उनके बजट का दबदबा अक्सर देखने को मिलता है। लेकिन कभी-कभी एक छोटा सा देश इतिहास लिखकर यह साबित कर देता है कि जुनून, एकजुटता और प्रतिभा की कोई सीमा नहीं होती। ऐसा ही कमाल कर दिखाया है अफ्रीका के पश्चिमी तट पर स्थित छोटे से द्वीपीय देश केप वर्डे ने। महज लगभग 5.25 लाख की आबादी वाले इस देश ने 13 अक्टूबर की रात इतिहास रचते हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यह पहली बार होगा जब यह टीम फुटबॉल के महाकुम्भ में हिस्सा लेगी।

ऐतिहासिक जीत: इस्वातिनी पर 3-0 की शानदार जीत

केप वर्डे ने अफ्रीकन क्वालीफायर के ग्रुप ‘डी’ में अपना आखिरी मुकाबला इस्वातिनी (Eswatini) के खिलाफ खेला और उसे 3-0की स्पष्ट बढ़त से हराकर सीधा टिकट हासिल किया। मैच का पहला गोल डेलॉन लिव्रामेंटो ने 48वें मिनट में किया, जिसने टीम को आगे बढ़ाया। महज 6 मिनट बाद विली सेमेडो ने 54वें मिनट में बढ़त को दोगुना कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में स्टोपिरा ने इंजरी टाइम में तीसरा गोल दागकर इस ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी। मैच की घंटी बजते ही मैदान और स्टेडियम में उपस्थित प्रशंसकों के बीच जश्न का ऐसा माहौल बना कि पूरा देश खुशी से झूम उठा।

जनसंख्या के हिसाब से दूसरा सबसे छोटा देश बना केप वर्डे

यह उपलब्धि केप वर्डे को एक खास दर्जा दिलाती है। आइसलैंड (जिसने 2018 विश्व कप में हिस्सा लिया था) के बाद, केप वर्डे अब जनसंख्या के आधार पर वर्ल्ड कप खेलने वाला दुनिया का दूसरा सबसे छोटा देश बन गया है। यह उपलब्धि इसलिए और भी शानदार है क्योंकि उन्होंने अफ्रीका जैसे कठिन कॉन्टिनेंटल क्वालीफायर में अपने से कहीं बड़े और अनुभवी देशों को पछाड़ा।

फीफा अध्यक्ष ने जताई खुशी

फीफा के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस ऐतिहासिक पल पर केप वर्डे फुटबॉल फेडरेशन को एक वीडियो संदेश भेजकर बधाई दी। उन्होंने कहा, “क्या ऐतिहासिक पल है! केप वर्डे को पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में जगह बनाने पर बधाई। आपका झंडा अब दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर लहराएगा। हाल के वर्षों में फुटबॉल के विकास के लिए आपका प्रयास शानदार रहा है। अब आपके सितारे वैश्विक मंच पर चमकेंगे और नई पीढ़ी को प्रेरित करेंगे।”

देशवासियों का जबरदस्त उत्साह

इस ऐतिहासिक मैच के लिए देश में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फीफा के अनुसार, मैच के टिकट रिकॉर्ड समय में बिक गए। इस खुशी के मौके को सेलिब्रेट करने के लिए देश की सरकार ने मैच के दिन आधे दिन की छुट्टी भी घोषित कर दी, ताकि हर कोई इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बन सके।

2026 फीफा वर्ल्ड कप: एक नया फॉर्मेट

2026 का फीफा वर्ल्ड कप अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में संयुक्त रूप से आयोजित होगा। इस बार पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जिसके चलते केप वर्डे जैसे छोटे देशों के लिए भी अपना सपना साकार करने का रास्ता आसान हुआ है।

अफ्रीका से अन्य क्वालीफाइंग टीमें

केप वर्डे के साथ-साथ, अफ्रीका से अब तक ट्यूनिशिया, अल्जीरिया, मिस्र, मोरक्को और घाना ने भी वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। ट्यूनिशिया ने भी अपना आखिरी मुकाबला नामीबिया को 3-0 से हराकर जीता और ग्रoup ‘एच’ में शानदार प्रदर्शन किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top